02 May 2026
नई दिल्ली, 02 मई (इंंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली सरकार में समाज कल्याण, एससीएसटीओबीसी कल्याण मंत्री एवं बवाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविन्द्र इन्द्राज सिंह के प्रयासों से आज कटेवड़ा गांव में फिरनी रोड एवं आरसीसी नाले के निर्माण कार्य को गति मिली है, जिससे क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
यह कार्य मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह के प्रयासों से दिल्ली ग्रामीण विकास बोर्ड (DVDB) के फंड द्वारा सम्पन्न कराया जा रहा है, जिसमें सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग, दिल्ली सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका है। लंबे समय से लंबित यह मांग अब पूरी होती नजर आ रही है, जिससे गांव के लोगों को बड़ी राहत मिली है। फिरनी रोड और आरसीसी नाले के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि जल निकासी की समस्या का भी स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा।
ग्राम विकास बोर्ड के माध्यम से क्षेत्र में कई अन्य विकास योजनाएं भी लगातार चलाई जा रही हैं, जिससे पूरे बवाना विधानसभा क्षेत्र में व्यापक विकास देखने को मिल रहा है। इन कार्यों के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं में निरंतर सुधार हो रहा है। स्थानीय निवासियों ने चल रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अब गांव में वास्तविक परिवर्तन दिखाई दे रहा है और जीवन स्तर में सुधार हो रहा है। लोगों ने मंत्री जी के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि गांव–देहात के विकास को प्राथमिकता देना उनकी जिम्मेदारी है और वे निरंतर प्रयासरत हैं कि प्रत्येक गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ग्राम विकास बोर्ड के माध्यम से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने आगे कहा कि मजबूत बुनियादी ढांचा और बेहतर कनेक्टिविटी ही विकास की नींव है तथा इसी दिशा में निरंतर कार्य करते हुए “विकसित दिल्ली, हरित दिल्ली” के संकल्प को साकार किया जा रहा है।