02 Jun 2026
प्रयागराज, 02 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज शहर के साउथ मलाका क्षेत्र में मंगलवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों में 70 वर्षीय वीरेन्द्र कुमार वैश्य, उनकी पत्नी अनीता वैश्य, पुत्री मीनाक्षी और एक पुरुष शामिल हैं, जिसकी पहचान परिवार के बड़े बेटे अभिषेक के रूप में किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने आशंका जताई है कि चारों की हत्या दो से तीन दिन पहले की गई हो सकती है। यह
जानकारी के अनुसार, हेवेट रोड स्थित मकान से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मकान का ताला तोड़कर तलाशी ली। पहली मंजिल पर एक कमरे से वीरेन्द्र कुमार वैश्य और उनकी पत्नी अनीता के शव मिले, जबकि दूसरे कमरे में उनकी अविवाहित पुत्री मीनाक्षी मृत अवस्था में मिली।
प्रारंभिक तलाशी के दौरान परिवार के बड़े बेटे का पता नहीं चल पाया था, जिससे उसके लापता होने की चर्चा शुरू हो गई। हालांकि बाद में मकान के भूतल पर स्थित कलर लैब की दुकान के भीतर एक चौथा शव बरामद हुआ। शव का चेहरा रसायनों से बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया था, जिससे पहचान छिपाने की कोशिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को संदेह है कि यह शव अभिषेक का है।
पुलिस के अनुसार, चारों के सिर पर किसी भारी और कुंद वस्तु से वार किए जाने के संकेत मिले हैं। पड़ोसियों ने बताया कि परिवार को आखिरी बार रविवार सुबह देखा गया था। इसके आधार पर माना जा रहा है कि वारदात दो से तीन दिन पहले हुई। घटना के बाद हमलावर मकान को बाहर से बंद कर फरार हो गए होंगे।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद की स्थिति थी। पुलिस इस कोण के साथ-साथ पारिवारिक रंजिश और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। पुलिस आयुक्त, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा ने बताया कि मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
इस परिवार में अब एक ही बेटा जिंदा बचा है, जो इस समय कौशांबी जेल में बंद है । पुलिस सूत्रों के अनुसार जिस कमरे मैं दंपति के शव मिले हैं, उसे कमरे में एक गत्ता मिला है, जिस पर लिखा था, "बंटी बबलू और बहू ने मारा।"
वीरेन्द्र कुमार वैश्य का यह परिवार शहर का धनाढ्य परिवार है। हेवेट रोड चौराहे पर दो मंजिला मकान और निचले हिस्से में 14 दुकानें हैं। इनमें से 13 दुकानें किराए पर हैं। ऊपरी हिस्से में वह परिवार के साथ रहते थे।