23 May 2026
-तुर्की में पकड़ा गया इराकी नागरिक, ट्रम्प परिवार से ‘बदला’ लेने की थी योजना
वॉशिंगटन, 23 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रम्प की बेटी इवांका ट्रम्प की हत्या की कथित साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार ईरान समर्थित आतंकी नेटवर्क से जुड़े एक इराकी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है, जो इवांका ट्रम्प को निशाना बनाने की योजना बना रहा था।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक आरोपी की पहचान 32 वर्षीय मोहम्मद बाकेर साद दाऊद अल-सादी के रूप में हुई है। उस पर आरोप है कि वह ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से प्रशिक्षित था और 2020 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेना चाहता था। कासिम सुलेमानी की मौत के बाद उसने कथित तौर पर ट्रम्प परिवार को निशाना बनाने की कसम खाई थी।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने फ्लोरिडा स्थित इवांका ट्रम्प के घर का नक्शा और सुरक्षा संबंधी जानकारी जुटा ली थी। जांच एजेंसियों को उसके सोशल मीडिया अकाउंट से धमकी भरे संदेश भी मिले हैं, जिनमें उसने अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों को चुनौती दी थी।
तुर्की की सुरक्षा एजेंसियों ने 15 मई को आरोपी को हिरासत में लिया था, जिसके बाद उसे अमेरिका भेज दिया गया। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार अल-सादी पर यूरोप और उत्तरी अमेरिका में कई आतंकी हमलों और हमलों की साजिश रचने के आरोप भी हैं। इनमें अमेरिकी दूतावासों, यहूदी संस्थानों और पश्चिमी देशों के ठिकानों को निशाना बनाने के मामले शामिल बताए जा रहे हैं।
अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने इस घटना के बाद ट्रम्प परिवार की सुरक्षा और कड़ी कर दी है। हालांकि व्हाइट हाउस की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह मामला अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनाव को फिर उजागर करता है। कासिम सुलेमानी की हत्या के बाद से ईरान समर्थित संगठनों द्वारा अमेरिकी नेताओं और उनके परिवारों को लगातार धमकियां मिलती रही हैं।