10 May 2026
नई दिल्ली, 10 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ के अवसर पर दिल्ली सरकार ने रविवार को कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में “शौर्य दिवस” कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि भारत अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और सम्मान से कोई समझौता नहीं करेगा।
इस अवसर पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा, बड़ी संख्या में नागरिक, पूर्व सैनिक, युवा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों और “भारत माता की जय” व “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा सेंट्रल पार्क देशभक्ति के रंग में रंग गया। प्रसिद्ध गायक आशीष कुलकर्णी ने भी ओजपूर्ण प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि “शौर्य दिवस” भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने आतंकवाद और उसके समर्थकों को कड़ा संदेश दिया है कि देश अपनी सुरक्षा और अस्मिता की रक्षा के लिए हर कदम उठाने में सक्षम है।
उन्होंने 22 अप्रैल के आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। निर्दोष नागरिकों के खिलाफ हुई क्रूरता से हर भारतीय आक्रोशित था और देश एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ खड़ा हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया।
रेखा गुप्ता ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं और राष्ट्रीय सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के जवान कठिन परिस्थितियों में भी देश की सुरक्षा के लिए सीमाओं पर डटे रहते हैं और पूरा देश उनके साहस को सलाम करता है।
कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि भारत की सेनाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया इतिहास लिख रही हैं। उन्होंने कहा, “भारत किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन अगर कोई देश की ओर आंख उठाकर देखेगा तो उसे करारा जवाब मिलेगा।”
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य वीर सैनिकों का सम्मान करना और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में काव्य पाठ, देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं।