02 May 2026
मुंबई, 02 मई (एजेंसी)। मुंबई–गोवा महामार्ग पर लगातार दूसरे दिन भारी ट्राफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। मानगांव और इंदापुर क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। छुट्टियों के दबाव और बढ़ती भीड़ के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 01 मई महाराष्ट्र दिवस और उसके बाद आए शनिवार–रविवार की लगातार छुट्टियों के कारण मुंबई से कोकण जाने वाले यात्रियों और पर्यटकों की बड़ी संख्या घूमने को निकल आयी है, जिससे सड़कों पर वाहनाें का रेला है। इसके चलते महामार्ग पर यातायात पूरी तरह धीमा हो गया है। मानगांव रेलवे स्टेशन से ढालघर फाटा क्षेत्र तक वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। इस बीच, मुंबई–पुणे एक्सप्रेसवे पर खोपोली एग्जिट से कुसगांव तक के हिस्से में चल रहे ‘मिसिंग लिंक’ प्रोजेक्ट के काम के कारण भी यातायात प्रभावित होने की बात कही जा रही है। प्रशासन का दावा है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद घाट क्षेत्र में जाम की समस्या कम होगी और यात्रा अधिक तेज एवं सुरक्षित हो जाएगी। हालांकि वर्तमान में मुंबई की ओर जाने वाली एक लेन बंद होने के कारण अतिरिक्त दबाव उत्पन्न हो गया है। यह लेन अगले दो से तीन दिनों में शुरू होने की संभावना है। यातायात पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रयास कर रही है और लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।