04 Jun 2026
गाजीपुर, 4 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। गाजीपुर में होटल कारोबारी के पुत्र विनीत राय हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश कमलेश चौधरी के अंतिम संस्कार के दौरान गुरुवार को जमकर बवाल हो गया। मुठभेड़ में मारे गए कमलेश का शव जैसे ही उसके गांव फुलनपुर पहुंचा, बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों और समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर जाते समय रास्ते में खूब बवाल हुआ। देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई और पुलिस पर पथराव होने लगा, जिसमें एसओ और सीओ समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद हाल ही में चर्चित विनीत राय हत्याकांड में वांछित था। विनीत राय शहर के प्रतिष्ठित बिंदु होटल कारोबारी आलोक राय के पुत्र थे, जिनकी 29 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद पुलिस ने कमलेश समेत कई आरोपियों पर इनाम घोषित किया था। बाद में वाराणसी जोन के एडीजी ने कमलेश की गिरफ्तारी पर इनाम बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया था।
बुधवार देर रात पुलिस और एसओजी टीम के साथ हुई मुठभेड़ में कमलेश चौधरी मारा गया। मुठभेड़ के दौरान एसओजी प्रभारी रोहित मिश्रा भी गोली लगने से घायल हुए थे। पुलिस के अनुसार कमलेश के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत सात आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
कमलेश की मौत के बाद उसके निजी जीवन को लेकर भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि उसकी शादी महज 38 दिन पहले अप्रैल माह में धूमधाम से हुई थी। शादी के कुछ ही सप्ताह बाद मुठभेड़ में उसकी मौत होने से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध शुरू कर दिया। अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर जाते समय पुलिस और भीड़ के बीच तनाव बढ़ गया तथा पथराव शुरू हो गया। पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन ने घटना की वीडियोग्राफी कराई है और उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
शाम तक पुलिस की मौजूदगी में कमलेश चौधरी का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। हालांकि पूरे क्षेत्र में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात रखा गया है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।