22 May 2026
रुद्रप्रयाग, 22 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तराखंड के श्री केदारनाथ धाम में चल रही चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर केदारनाथ धाम, पैदल मार्गों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रा मार्गों पर संचालित व्यवस्थाओं, भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन रिस्पॉन्स प्रणाली तथा सुरक्षा एवं राहत व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान यात्रा ड्यूटी में तैनात विभिन्न स्टेक होल्डर्स और संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से बातचीत कर मौके पर मौजूद चुनौतियों और समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई। सेनानायक ने कई बिंदुओं पर तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश भी दिए।
सेनानायक SDRF ने ATS टीम के साथ भी बैठक कर आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं समन्वित रिस्पॉन्स को लेकर चर्चा की। उन्होंने विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर कार्य करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने केदारनाथ में स्थापित SDRF पोस्टों का भ्रमण कर ड्यूटी में तैनात जवानों से संवाद किया तथा उनके रहने, खाने और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में समर्पण और तत्परता के साथ कार्य कर रहे SDRF कार्मिकों की सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले SDRF जवानों को प्रशस्ति पत्र एवं नकद पारितोषिक देकर सम्मानित भी किया गया।
धाम परिसर स्थित अस्पताल पहुंचकर सेनानायक ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से मुलाकात की तथा यात्रा अवधि के दौरान SDRF की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इसके बाद सेनानायक SDRF पैदल मार्ग से होते हुए लिनचोली पहुंचे, जहां उन्होंने SDRF टीम एवं मेडिकल फर्स्ट रेस्पॉन्डर पोस्ट पर तैनात पैरामेडिक्स से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पोस्ट पर मौजूद एक बुजुर्ग महिला श्रद्धालु, जिन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, को तत्काल ऑक्सीजन उपलब्ध कराई गई और उनका मनोबल बढ़ाया गया।
यात्रा मार्ग में सेनानायक ने श्रद्धालुओं से संवाद कर उनकी समस्याएं और फीडबैक भी प्राप्त किया। साथ ही यात्रियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा के लिए आवश्यक जानकारी दी गई।
सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी ने कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, त्वरित राहत और बेहतर समन्वय SDRF की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाए रखने के लिए SDRF लगातार कार्य कर रही है।