12 Jun 2026
बांदा, 12 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के मंडल कारागार में निरुद्ध एक बंदी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जेल अधीक्षक अनिल सिंह गौतम ने बताया कि अतर्रा थाना के अरखन पुरवा अभिषेक सिंह (28) पॉक्सो एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार होकर 11 मार्च से मंडल कारागार में निरुद्ध था। गुरुवार देर रात उसने जेल परिसर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। अन्य बंदियों ने उसका शव फंदे से लटका देखा, जिसके बाद तत्काल जेल प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जेल अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच-पड़ताल की जा रही है। जेल प्रशासन ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी दे दी है। जेल अधीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि बंदी की ड्यूटी पाकशाला में लगाई गई थी। पाकशाला के पीछे गैस गोदाम बना है। गैस गोदाम में ही उसने गमछा के सहारे फंदा लगा लिया। पुलिस और जेल प्रशासन मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रहे हैं।