10 May 2026
कछार (असम), 10 मई, (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। कछार पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए दो अलग-अलग अभियानों में भारी मात्रा में संदिग्ध हेरोइन बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। कछार के पुलिस अधीक्षक ने रविवार को बताया कि जब्त किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.82 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पहला अभियान सोनाई थाना क्षेत्र के गस्तोला तिनिआली के समीप चलाया गया। पुलिस को अवैध रूप से एनडीपीएस प्रतिबंधित पदार्थ ले जाए जाने की सूचना मिली थी। अभियान के दौरान रियाज उद्दीन लस्कर नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से सात साबुनदानी में छिपाकर रखी गई संदिग्ध हेरोइन बरामद हुई। जब्त हेरोइन का कुल वजन 123.51 ग्राम पाया गया। इसके अलावा आरोपित के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए। वहीं, दूसरे अभियान में लैलापुर पुलिस चौकी के सामने नाका जांच के दौरान एएस-11जेड-7991 नंबर की एक स्कूटी को रोका गया। तलाशी लेने पर स्कूटी की डिक्की से 33 बहुरंगी साबुनदानी में छिपाकर रखी गई संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई। यह मादक पदार्थ जियाबुर रहमान लस्कर के कब्जे से जब्त किया गया। बरामद हेरोइन का कुल वजन 441.09 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।