04 Jun 2026
आगरानई दिल्ली, 04 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (आईएफजे) से संबद्ध नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) (एनयूजेआई) का राष्ट्रीय सम्मेलन एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 6 और 7 जून, 2026 को आगरा स्थित जे.पी. ऑडिटोरियम, खंदारी परिसर में आयोजित की जाएगी। सम्मेलन की अध्यक्षता एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी करेंगे।
सम्मेलन में एनयूजेआई की 25 राज्य इकाइयों से 200 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यक्रम को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी संबोधित करेंगी।
एनयूजेआई के राष्ट्रीय महासचिव प्रदीप तिवारी ने एक प्रेस वक्तव्य में बताया कि सम्मेलन एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मीडिया और पत्रकारिता जगत से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के दौरान संगठन के आगामी चुनावों के कार्यक्रम की भी घोषणा की जाएगी।
एनयूजेआई के राष्ट्रीय संगठन सचिव प्रमोद गोस्वामी के अनुसार राष्ट्रीय सम्मेलन का पहला सत्र 6 जून को अपराह्न 3 बजे आयोजित होगा। इस सत्र के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल तथा परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह होंगे। सम्मेलन का दूसरा सत्र 7 जून को प्रातः 11 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।