12 Jun 2026
बिजनौर, 12 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश में बिजनौर जिले के मंडावर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी तलाकशुदा प्रेमिका की मुहं दबाकर हत्या कर दी और शव को गांव के ही ईख के खेत में दफना दिया। जबकि महिला के परिवार की ओर से मुंबई के थाना में पहले ही बेटी के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज थी। पुलिस ने शुक्रवार का घटना का खुलासा कर दिया है। बिजनाैर जिले के मंडावर थानाध्यक्ष संजय तोमर ने बताया कि ग्राम सैफपुर खादर निवासी फैजल अंसारी उर्फ शमी उर्फ समीर मुंबई के आनंदनगर में चिकन की दुकान चलाता है। इस बीच उसका बड़ी मस्जिद निवासी फकीर अहमद की पुत्री सना शमीम (35) जो एक हॉस्पिटल में नर्स थीं, उससे उसको प्रेम हो गया। सना का नौ वर्षीय एक लड़का भी है। उसके प्रेम में फंसने के कारण सना का अपने पति से भी तलाक हो गया था। फैजल 28 मई को अपने गांव आया तो पीछे-पीछे उसकी प्रेमिका सना भी उसके गांव पहुंच गई। प्रेमिका को देखकर फैजल बौखला गया और उसे बाइक पर बैठा कर मौजा फतेहपुर संभाचंद में देवेंद्र सिंह चौहान के ईख के खेत में ले गया। यहां पर उसने सना का मुंह दबाकर मौत के घाट उतार दिया और शव को उसी खेत में दफना दिया। घटना के कुछ दिन बाद वह मुंबई लौट गया। मुंबई पहुंचने पर जब सना की बहन शबाना आसिफ शेख और अन्य परिजनों ने उससे सना के बारे में पूछा तो उसने साफ मना कर दिया। शबाना आसिफ शेख ने दो जून को थाना जोगेश्वरी बेस्ट की ओसीवारा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि 28 मई को उसकी बहन सना से बातचीत हुई थी तो उसने यह बताया था कि वह फैजल के साथ है। पुलिस ने जब फैजल से पूछताछ की तो गुमराह करने लगा। पुलिस की सख्ती के बाद उसने सना की हत्या की बात स्वीकार ली। शुक्रवार सुबह मुंबई पुलिस के साथ मृतक सना की बहन शबाना आसिफ शेख और शाहीन और आरोपित फैजल को लेकर उसके गांव के थाने पहुंची। मुंबई पुलिस की आमद दर्ज कराते हुए जहां से मंडावर पुलिस को लेकर हत्या आरोपित की निशानदेही पर घटना पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। इधर, सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह भी घटना स्थल पर पहुंचे और मृतका की बहनों से जानकारी की और मुंबई पुलिस से भी घटना के संबंध में वार्ता की। मृतका की बहनों को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। सुबह से लेकर दोपहर तक मुंबई पुलिस हत्या आरोपित फैजल अंसारी को साथ में बैठाए खुद भी बैठी रही और कार्रवाई में टालमटोल करती रही। सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह और थानाध्यक्ष संजय तोमर ने मुंबई पुलिस को लाश खेत से निकलवाने और पोस्टमार्टम करने की कारवाई को आगे बढ़ाने के लिए कहा। लेकिन मुंबई पुलिस इस घटना की जीरो क्राइम पर मंडावर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने और अपना पीछा छुड़ाने की फिराक में लगी रही। जबकि मृतका सना शमीम की बहन शबाना आसिफ शेख यहां कुछ लिख कर देने को तैयार नहीं हुई। उसका कहना था कि जीरो क्राइम पर मंडावर रिपोर्ट क्यों लिखवाए जब उसकी पहले से मुंबई में गुमशुदगी दर्ज है। इससे उन्हें यहां आने और केस की पैरवी करने में दिक्कत उठानी पड़ेगी। मंडावर थानाध्यक्ष संजय तोमर का कहना था कि पीड़ित पक्ष उनके लिए सर्वोपरि है। आरोपित हत्यारा फैजल अंसारी बच न पाए इसके लिए मुंबई पुलिस या मृतका का परिवार जो संभव उनसे कार्रवाई करवाना चाहते है उसके लिए वे तैयार हैं। जब इसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट मुंबई में दर्ज है तो यहां अलग से रिपोर्ट होने का कोई औचित्य नहीं है। काफी समय बाद भी मुंबई पुलिस या मृतका की बहने पोस्टमार्टम कराने के लिए लिख कर देने को तैयार नहीं हुई । शबनम आसिफ शेख ने मीडिया के सामने यह आरोप लगाया कि मुम्बई पुलिस पर आरोपी हत्यारे के साथ घुल मिल गई है और उसे बचाने का प्रयास कर रही हैं। समाचार भेजे जाने तक मंडावर थानाध्यक्ष संजय तोमर धर्मेंद्र सिंह, आदेश कुमार, विकास कुमार आदि भारी पुलिस मौके पर मौजूद रही।------------------------