02 May 2026
मथुरा, 02 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश में जनपद मथुरा के वृंदावन के दुर्गापुरम कॉलोनी में पिछले दो साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक और युवती के शव शनिवार सुबह बंद कमरे में मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने यह आशंका जताई है कि युवक ने पहले अपनी पार्टनर की गला दबाकर हत्या की और फिर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। मृतकों की पहचान अलीगढ़ निवासी राधिका (28) और छाता निवासी सुभाष (30) के रूप में हुई है। राधिका एक रेडीमेड गारमेंट की दुकान में काम करती थी, जबकि सुभाष बी.फार्मा करने के बाद फिलहाल बेरोजगार था। आसपड़ाेस के लाेगाें का कहना है कि दोनों के बीच शुक्रवार रात किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। विवाद इतना बढ़ा गया कि सुभाष ने राधिका का गला घोंट दिया। इसके बाद कानूनी कार्रवाई की डर से उसने खुद भी आत्महत्या कर ली।वारदात का पता तब चला जब अलीगढ़ में रहने वाली राधिका की बहन ने उसे फोन किया। फोन रिसीव न होने पर उसने पड़ोसियों को सूचित किया। जब पड़ोसियों ने खिड़की से अंदर झांका तो कमरे का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों शवों को कब्जे में लिया। पुलिस जांच में एक महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है कि 28 अप्रैल को राधिका ने जैंत थाने में सुभाष के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।सुभाष इस कानूनी कार्रवाई से बेहद नाराज था, जिसे इस वारदात की मुख्य वजह माना जा रहा है।अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों और समय की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी कानूनी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।