07 Jun 2026
नई टिहरी, 07 जून ( इंद्रप्रस्थ न्यूज)। चारधाम यात्रा पर जा रही एक बस रविवार सुबह टिहरी जनपद के तोताघाटी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि बस में सवार अधिकांश यात्री सुरक्षित बच गए। समय पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 8:30 बजे डीसीआर टिहरी के माध्यम से सूचना मिली कि तोताघाटी के समीप एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही निरीक्षक कवीन्द्र सजवान के नेतृत्व में एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला और ब्यासी की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।
मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने पाया कि बद्रीनाथ से ऋषिकेश की ओर आ रही चारधाम यात्रा बस संख्या UK04 PA 0418 सड़क पर ही पलट गई थी। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बस के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। बस में कुल 39 यात्री सवार थे।
हादसे में तीन से चार यात्रियों को सामान्य चोटें आईं। घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा की सहायता से उपचार के लिए ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है और अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं।
एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा स्थानीय प्रशासन, पुलिस और अन्य आपातकालीन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया, लेकिन सभी यात्रियों के सुरक्षित होने से प्रशासन और यात्रियों ने राहत की सांस ली। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।