27 May 2026
नई दिल्ली, 27 मई (एजेंसी)। दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने नीट पेपर लीक मामले में गिरफ्तार शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज शिरुरे और फिजिक्स के टीचर तेजस हर्षदकुमार शाह को पांच दिनों की सीबीआई हिरासत में भेज दिया है। स्पेशल जज विद्या प्रकाश ने दोनों को सीबीआई हिरासत में भेजने का आदेश दिया। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज शिरुरे और कोचिंग सेंटर डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल अकेडमी पुणे में फिजिक्स के टीचर तेजस हर्षदकुमार शाह को पुणे से गिरफ्तार किया गया था। दोनों पर आरोप है कि इन्होंने रेणुकाई करियर सेंटर के संस्थापक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर के बेटे को नीट का केमिस्ट्री का प्रश्न पत्र उपलब्ध कराया था। केमिस्ट्री का प्रश्न पत्र पीवी कुलकर्णी के जरिये उपलब्ध कराया गया था। इन दोनों की गिरफ्तारी के साथ ही अब तक नीट पेपर लीक मामले में 13 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस मामले में शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। सीबीआई के मुताबिक मोटेगांवकर को 17 मई को महाराष्ट्र के लातूर से गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान मोटेगांवकर के मोबाइल फोन से लीक प्रश्न पत्र मिला। सीबीआई के मुताबिक मोटेगांवकर नीट पेपर लीक गिरोह के संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य था। वो नीट के लीक प्रश्न पत्र को सर्कुलेट करने और कोचिंग सेंटर्स के जरिये उनका उत्तर हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उसने खुद कई छात्रों को प्रश्न पत्र उपलब्ध कराया था। इसके पहले 17 मई को कोर्ट ने इस मामले की नौवीं आरोपित मनीषा मंधारे को 14 दिनों की सीबीआई हिरासत में भेजा था। मनीषा मंधारे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से प्रश्न पत्र सेट करने वाले पैनल में थी। मनीषा को मथुरा के एक होटल से गिरफ्तार किया गया था। मनीषा मंधारे पर आरोप है कि उसने नीट पेपर प्रश्न पत्र को लीक करने के लिए केमिस्ट्री टीचर पीवी राव और मनीषा वाघमारे के साथ साजिश रची। पीवी राव और मनीषा वाघमारे को कोर्ट ने 16 मई को 10 दिनों की सीबीआई हिरासत में भेजा था। इसके पहले कोर्ट ने 15 मई को धनंजय लोखंडे को 6 दिनों की सीबीआई हिरासत में भेजा था। आरोप है कि मनीषा वाघमारे ने धनंजय लोखंडे को नीट के प्रश्न पत्र दिए। बाद में धनंजय लोखंडे ने शुभम खैरवार को प्रश्नपत्र दिए। कोर्ट ने 14 मई को पांच आरोपितों को सात दिनों की सीबीआई हिरासत में भेजा था। 14 मई को कोर्ट ने जिन पांच आरोपितों को सीबीआई हिरासत में भेजने का आदेश दिया था, उनमें नासिक के शुभम खैरनार, जयपुर के मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल और गुरुग्राम से यश यादव शामिल हैं। शुभम खैरनार को 13 मई को मुंबई से गिरफ्तार किया गया था, जहां से उसे दो दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया था। शुभम खैरनार महाराष्ट्र के नासिक का रहने वाला है।