29 May 2026
सहारनपुर, 29 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में गुरुवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम और पहाड़ी क्षेत्रों में हुई तेज वर्षा के कारण जिले के शाकंभरी देवी क्षेत्र समेत कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। तेज बहाव में कई वाहन बह गए, जबकि जगह-जगह जलभराव और पेड़ गिरने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। हादसे में एक महिला की मौत की सूचना है, वहीं कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। शिवालिक पहाड़ियों से बड़ी मात्रा में पानी उतरने के कारण शाकंभरी देवी मंदिर मार्ग और आसपास के इलाकों में पानी तेजी से भर गया। देखते ही देखते सड़कों पर तेज बहाव शुरू हो गया, जिसमें कई कारें, बाइक और अन्य वाहन फंस गए। कुछ वाहन पानी के तेज बहाव में बह भी गए। स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई श्रद्धालु और स्थानीय निवासी मंदिर क्षेत्र में फंस गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। प्रशासन ने जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से रास्तों को खुलवाने का प्रयास किया। राहत कार्य देर रात तक जारी रहा।
तेज आंधी के कारण जिले के कई हिस्सों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई घंटे तक अंधेरा छाया रहा। कई मुख्य मार्गों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों के घरों और दुकानों में भी पानी घुस गया।
मौसम विभाग ने पहले ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था। विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में हवाओं की गति 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई। अधिकारियों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और नदी-नालों तथा पहाड़ी क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
जिला प्रशासन ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और राहत टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक मौसम खराब बने रहने की संभावना जताई है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।