05 Jun 2026
फतेहाबाद, 05 जून (हि.स.)। भूना में बदमाशों द्वारा एक युवक की तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या करने के बाद फतेहाबाद की पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर बेहद सख्त रुख में नजर आ रही हैं। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई बड़े प्रशासनिक फेरबदल किए हैं। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनता की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वारदात के बाद जवाबदेही तय करते हुए सबसे पहला बड़ा बदलाव भूना थाने में किया गया है। अब विजेंद्र हुड्डा को भूना थाने का नया एसएचओ नियुक्त किया गया है। वे ओमप्रकाश बिश्नोई का स्थान लेंगे, जिन्हें पद से हटा दिया गया है। ओमप्रकाश को इकोनॉमिक सेल में भेजा गया है। इसके अलावा भाभू गैंग से जुड़ी इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस विभाग ने लापरवाही और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर सख्त कदम उठाया है। विभाग ने सीआईए टोहाना इंचार्ज अशोक कुमार को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। उनके स्थान पर इंस्पेक्टर कुलदीप मोर को नया सीआईए इंचार्ज बनाया गया है। विभागीय स्तर पर की गई इस कार्रवाई को अपराधियों और ढुलमुल रवैया अपनाने वाले अधिकारियों के खिलाफ एक कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है। एसपी निकिता खट्टर का कहना है कि लोगों की सुरक्षा करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ पुलिस विभाग अपनी आंतरिक कार्यप्रणाली की भी समीक्षा कर रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस बड़ी कार्रवाई के बाद जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, भाभू गैंग और अन्य आपराधिक तत्वों की संदिग्ध गतिविधियों पर चौबीसों घंटे कड़ी नजर रखने को कहा गया है।बीते मंगलवार रात को भूना निवासी युवक सचिन की तेजधार हथियारों से वार कर हत्या कर दी गई थी। बाइक पर जा रहे सचिन को घेरकर उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों ने उस पर तेजधार हथियारों से कई वार किए। हमलावरों ने उस पर गाड़ी भी चढ़ा दी। हालांकि, इस मामले में पुलिस द्वारा पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।