05 May 2026
जबलपुर, 05 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मध्य प्रदेश के जबलपुुर में कटंगी बायपास चौराहे के पास स्थित यूनिटी वेयरहाउस पार्क में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की शुरुआत एक डिलीवरी वेयरहाउस से हुई, जिसने देखते ही देखते आसपास के अन्य गोदामों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना में रिलायंस फ्रेश और ब्रिटानिया के वेयरहाउस भी प्रभावित हुए हैं। गोदामों में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण लगातार धमाकों जैसी आवाजें सुनाई देती रहीं, जिससे आग और अधिक विकराल होती जा रही थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का प्रयास जारी रखा। आग की भयावहता को देखते हुए नगर निगम के अलावा सुरक्षा संस्थानों की भी दमकल गाड़ियां पहुंची जो मंगलवार भोर तक जूझती रहीं। प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुँच गए और स्थिति पर नजर बनाए रहे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, जिसकी जांच की जा रही है। आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।