15 May 2026
लखनऊ, 14 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 84 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। शासन द्वारा जारी सूची में कई जिलों के अपर जिलाधिकारी (ADM), नगर आयुक्त, विकास प्राधिकरण सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार वाराणसी के अपर जिलाधिकारी (नगर) आलोक कुमार वर्मा को मुख्य राजस्व अधिकारी सुल्तानपुर बनाया गया है। हरदोई की एडीएम प्रियंका सिंह को नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान लखनऊ का कमांडेंट नियुक्त किया गया है। बदायूं के डॉ. वैभव शर्मा को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) गोरखपुर की जिम्मेदारी मिली है।
प्रयागराज विकास प्राधिकरण के सचिव अजीत कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है, जबकि गौतमबुद्धनगर के एडीएम अतुल कुमार-1 को नागरिक उड्डयन निदेशालय में संयुक्त निदेशक (प्रशासन) एवं लखनऊ विकास प्राधिकरण में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
जालौन के एडीएम संजय कुमार को आगरा विकास प्राधिकरण का सचिव बनाया गया है। मुजफ्फरनगर के गजेंद्र कुमार को गोरखपुर का अपर जिलाधिकारी (नगर) बनाया गया है। वहीं सुशील प्रताप सिंह को गौतमबुद्धनगर में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आगरा विकास प्राधिकरण की सचिव श्रद्धा शांडिल्यायन को चिकित्सा शिक्षा भर्ती बोर्ड लखनऊ में परीक्षा नियंत्रक नियुक्त किया गया है। शादाब असलम को प्रयागराज नगर निगम में अपर नगर आयुक्त बनाया गया है।
इसके अलावा कई अधिकारियों को विभिन्न विकास प्राधिकरणों, नगर निगमों और मंडलों में नई तैनाती दी गई है। शासन का कहना है कि प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से यह तबादले किए गए हैं।