30 May 2026
-एआई के युग में भी प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता कायम : भगत सिंह कोश्यारी
-समाज को आईना दिखाने का कार्य करती है पत्रकारिता : स्वामी कैलाशानंद गिरी
हरिद्वार, 30 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब हरिद्वार द्वारा भव्य द्विशताब्दी समारोह एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल, पद्मभूषण से सम्मानित भगत सिंह कोश्यारी, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष एवं मुख्य वक्ता प्रो. गोविंद सिंह, प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी तथा महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
“हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली 200 वर्ष एवं मीडिया काउंसिल की अपरिहार्यता” विषय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रो. गोविंद सिंह ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता का इतिहास संघर्ष, राष्ट्र चेतना और जनजागरण से जुड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1826 में पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा कोलकाता से प्रकाशित ‘उदंत मार्तंड’ हिंदी का पहला साप्ताहिक समाचार पत्र था, जिसने हिंदी पत्रकारिता की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन तक हिंदी पत्रकारिता ने देश में राष्ट्रीय चेतना जागृत करने और स्वतंत्रता संग्राम को धार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि समय के साथ टीवी और डिजिटल मीडिया का विस्तार हुआ, लेकिन प्रिंट मीडिया आज भी अपनी विश्वसनीयता और प्रामाणिकता के कारण समाज में विशेष स्थान बनाए हुए है।
मुख्य अतिथि भगत सिंह कोश्यारी ने हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने पर सभी पत्रकारों और आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरिद्वार का प्रेस क्लब उत्तराखंड के आदर्श प्रेस क्लबों में शामिल है। उन्होंने कहा कि भारतीय भाषाओं को बढ़ावा देने की आवश्यकता है और अब समय आ गया है कि भाषा के आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव समाप्त हो। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डिजिटल तकनीकों के बढ़ते प्रभाव के बावजूद प्रिंट मीडिया की आवश्यकता कभी समाप्त नहीं होगी। प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि आज हिंदी वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रही है और देश के विभिन्न राज्यों में इसका व्यापक विस्तार हो रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि पत्रकारिता समाज को आईना दिखाने का कार्य करती है। पत्रकारों का दायित्व है कि वे निर्भीकता, निष्पक्षता और सत्यनिष्ठा के साथ समाज के समक्ष तथ्य प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि सच्ची पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत करती है और समाज को सही दिशा प्रदान करती है। उन्होंने हिंदी पत्रकारिता के दो सौ वर्ष पूरे होने को गौरव का विषय बताते हुए नई पीढ़ी से इसकी समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकार गोपाल रावत को स्वर्गीय मधुकांत प्रेमी स्मृति पुरस्कार तथा राहुल वर्मा को स्वर्गीय पी.एस. चौहान स्मृति पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही पत्रकारिता की शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया।
प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी एवं महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि हिंदी भाषा और पत्रकारिता के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेस क्लब निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार दीपक नौटियाल ने किया। इस अवसर पर संयोजक समिति के सदस्य सुनील दत्त पांडे, वरिष्ठ पत्रकार आदेश त्यागी, काशीराम सैनी, मेहताब आलम, गुलशन नैय्यर सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, शिक्षाविद् एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।