29 May 2026
उरई, 29 मई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के जनपद जालाैन में आए भीषण आंधी-तूफान, तेज वर्षा एवं बिजली कड़कने की घटना दो लोगों की दुखद मृत्यु हुई है। शासन की निर्धारित व्यवस्था के अंतर्गत मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके अतिरिक्त 23 पशुओं की क्षति, 7 व्यक्तियों के घायल होने तथा 45 मकानों के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई है। कुल 12.88 लाख से अधिक की राहत सहायता प्रभावित परिवारों को प्रदान किए जाने हेतु प्रस्तावित की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि आंधी-तूफान के कारण कई स्थानों पर विद्युत पोल एवं लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनका सर्वे एवं मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर से प्राप्त मौसम चेतावनियों के प्रभावी प्रचार-प्रसार, मुनादी एवं जनजागरूकता के कारण संभावित क्षति को काफी हद तक कम किया जा सका है। प्रशासन की सतत निगरानी, त्वरित कार्रवाई एवं पूरी रात फील्ड में मौजूद रहकर किए गए प्रयासों के चलते जनपद में स्थिति नियंत्रण में है तथा राहत एवं पुनर्वास कार्य निरंतर जारी हैं।