07 May 2026
रांची, 7 मई (एजेंसी)। मनरेगा घोटाला से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आईएएस पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा की विदेश जाने की अनुमति से संबंधित याचिका पर पीएमएलए कोर्ट में गुरुवार को सुनवाई पूरी हो गई। इसके बाद अदालत ने इस मामले में फैसला सुरक्षित रखा है। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों अदालत ने पूजा सिंघल को विदेश (सिंगापुर) जाने की अनुमति प्रदान की है। वहीं अभिषेक झा ने भी अदालत से बेटी के इलाज के लिए सिंगापुर जाने की इजाजत मांगी है। दरअसल मनरेगा घोटाला मामले की जांच के दौरान ईडी ने पूजा सिंघल, उनके पति अभिषेक झा और सीए सुमन कुमार सिंह के अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान सुमन कुमार सिंह के ठिकाने से 19.31 करोड़ नकद मिले थे। मामले में कार्रवाई करते हुए ईडी ने 11 मई 2022 को पूजा सिंघल को गिरफ्तार किया था। 28 माह जेल में रहने के बाद पूजा सिंघल को जमानत मिली थी। वहीं अभिषेक झा को भी समन जारी कर इस मामले में कई दिनों तक पूछताछ की गई थी। वह इस मामले में चार्जशीटेड आरोपित हैं।