13 May 2026
लखनऊ|उन्नाव, 13 मई (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश में बुधवार को तेज आंधी चलने और बारिश से जन जीवन बुरी तरह से प्रभावित रहा और अलग-अलग जिलाें में तीन माैतें हाे गयीं। आंधी से कई जगहों में पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गये और यातायात बाधित रहा। उन्नाव जिले में तूफान के साथ बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं जबकि अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पेड़ गिरने की घटनाओं में एक बुजुर्ग किसान और एक छात्र की मौत हाे गयी। देवरिया में भी आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की माैत हाे गयी।
आंधी -तूफान से उन्नाव जिले में पहली घटना दही थाना क्षेत्र के शिगुपुर ग्राम की है, जहां राम आश्रय 70 वर्ष पुत्र स्वर्गीय महावीर जो कि गांव के बाहर एक आम के पेड़ के नीचे बैठे थे। अचानक तेज आंधी आने से आम का पेड़ टूटकर उन पर गिर गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग उन्हें संभलने का मौका नहीं दे सके। गंभीर रूप से घायल राम आश्रय की मौके पर ही मौत हो गई। वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके दो बेटे रवि और अंजन हैं।
वहीं उन्नाव जिले में ही दूसरी घटना आसीवन थाना क्षेत्र के उन्नाव-संडीला मार्ग पर स्थित मकबूल खेड़ा ग्राम की है, जहां तेज आंधी के कारण सड़क किनारे लगा एक बड़ा यूकेलिप्टस का पेड़ अचानक गिरने से इसकी चपेट में आने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। हाइडा मशीन की मदद से पेड़ को हटवाया गया और घायलों को बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल मियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने अंश 9 वर्ष पुत्र जगदीश निवासी बाबा खेड़ा को मृत घोषित कर दिया। अंश कक्षा चार में पढ़ता था। वही हादसे में घायल अमित 30 वर्ष पुत्र लक्ष्मण, निवासी मकबूल खेड़ा और रजेपाल 42 वर्ष पुत्र चतुरी, निवासी बरहा खुर्द की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
तेज आंधी और बारिश के दौरान चकलवंशी क्षेत्र में एक बड़ा पेड़ गिरने से शाखा प्रबंधक की कार क्षतिग्रस्त हो गई। पेड़ गिरने का वीडियो भी सामने आया है। इसमें तेज हवाओं के बीच पेड़ वाहन पर गिरता दिखाई दे रहा है। गनीमत रही कि हादसे के समय वाहन में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जबकि तेज आधी से अनेक स्थानों पर लोगों के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे साइन बोर्ड भी उखाड़ कर गिर गए पेड़ गिरने से लखनऊ कानपुर राजमार्ग पर भी थोड़ी देर तक यातायात में बाधित रहा। मोहनलालगंज मौरावा उन्नाव मार्ग पर एक पेट्रोल पंप का भारी भरकम बॉर्डर रोड पर गिर जाने से कुछ देर के लिए यातायात ठप रहा। पुलिस ने पहुंचकर बोर्ड को किनारे हटाकर यातायात सुचारु रूप से संचालित किया।
इसी प्रकार जनपद देवरिया के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के सकरा पार क्षेत्र में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान राम केवल यादव (57) पुत्र सुंदर यादव निवासी भीमपुर रामपुर थाना के रूप में हुई है। राम केवल रिश्तेदारी में सकरापार बुजुर्ग गांव गए थे, जहां जयप्रकाश के लड़का के बहुभोज कार्यक्रम की तैयारियों के बीच अचानक बारिश होने पर खेत में आम के पेड ओर चले गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई और वे इसकी चपेट में आकर झुलस गए। उन्हें तत्काल महार्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां मृत घोषित कर दिया। डॉ एच के मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी लखीमपुर खीरी, गाेंडा व बलरामपुर समेत कई जिलाें में तेज आंधी चली। कई जगहाें में गरज चमक के साथ बूंदें भी पड़ीं और जन जीवन पूरी तरह से बाधित रहा।
जनपद बदायूं के वजीरगंज क्षेत्र में तेज आंधी के कारण बिल्सी रोड पर पाकड़ का एक बड़ा पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हाे गया। जिससे एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ। इसी प्रकार जिले के इस्लामनगर विकास खंड क्षेत्र के करियामई गांव में राजपुर-रोशननगर मार्ग पर स्थापित 100 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर जमीन पर गिरने क्षेत्र के कई गांवों की विद्युत आपूर्ति
बंद हो गयी।