12 Jun 2026
फतेहाबाद, 12 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। फतेहाबाद जिले में गुरुवार देर रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि इसने जिले के टोहाना, जाखल, कुलां और आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन को पूरी तरह पटरी से उतार दिया। इस प्राकृतिक आपदा में सरकारी संपत्तियों सहित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को करोड़ों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। बिजली निगम को सबसे तगड़ा झटका लगा है, जहां तेज हवाओं के कारण 100 से अधिक बिजली के पोल और पेड़ धराशायी हो गए। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी तेज हवाओं और बादलों का डेरा बना हुआ है। 13 जून से मौसम में आंशिक सुधार की उम्मीद है, जबकि 15 जून के बाद ही आसमान पूरी तरह साफ हो सकेगा।कोल्ड स्टोर का सोलर प्लांट मलबे में तब्दील, 30 लाख का नुकसानटोहाना के चंडीगढ़ रोड स्थित महत कोल्ड स्टोर में आंधी ने भयंकर तबाही मचाई। यहां छत पर लगा 150 किलोवाट का भारी-भरकम सोलर प्लांट तेज हवाओं में उखडक़र नीचे जा गिरा। स्टोर संचालक के मुताबिक, सोलर प्लेटें पूरी तरह तहस-नहस हो चुकी हैं, जिससे उन्हें 30 लाख रुपये से अधिक का सीधा नुकसान हुआ है। इसके अलावा, गांव जमालपुर में महज 6 महीने पहले करीब 20 लाख की लागत से शुरू हुई कार्तिक डेयरी को भी भारी नुकसान पहुंचा है। टोहाना के शगुन मैरिज पैलेस में भी तूफान के कारण लाखों का नुकसान होने की खबर है। गांव अमानी के सरकारी स्कूल में कार्यरत संस्कृत शिक्षक सेशीराम की 2024 मॉडल टाटा टियागो कार पर एक घर की करीब 10 फीट ऊंची दीवार भरभराकर गिर गई। पीडि़त शिक्षक ने बताया कि आंधी शुरू होते ही मैं बच्चों को लेकर पोर्च में आ गया था। कुछ ही देर में एक जोरदार धमाका हुआ। बाहर देखा तो कार मलबे में तब्दील हो चुकी थी। शुक्र है कि उस वक्त कोई कार के पास मौजूद नहीं था, वरना कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। तूफान का असर रेलवे व्यवस्था पर भी देखने को मिला। आंधी के दौरान जाखल रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम की डाउन सीलिंग का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। छत गिरते देख प्रतीक्षालय में बैठे यात्रियों में हडक़ंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया और यात्रियों को जल्द मरम्मत का आश्वासन दिया। टोहाना के सिंबलवाला रोड पर आईटीआई के पास लगा भारी-भरकम स्वागत गेट तेज हवाओं के दबाव के कारण मुख्य सडक़ पर आ गिरा। इसके चलते प्रेम नगर, सिंबल, जाखल, हिम्मतपुरा, पूर्ण माजरा और कासिमपुर की ओर जाने वाला यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और नागरिकों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर गेट को सडक़ से हटाया, जिसके बाद आवाजाही बहाल हो सकी।