12 Jun 2026
लखनऊ, 12 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश में मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश होने से जन जीवन प्रभावित है, वहीं शुक्रवार को भी प्रदेश के कई जिलों मे तेज हवाओं के साथ गरज चमक के साथ बौछारें पड़ी हैं। हालांकि सुबह तेज धूप के कारण तापमान में वृद्धि हुई लेकिन दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया और आसमान में बादल छा गए। शनिवार को भी बारिश और आंधी पानी का अलर्ट है। मानसून के केरल में दस्तक देने के बाद आज शुक्रवार को साउथवेस्ट मॉनसून पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, झारखंड में पहुंच गया है। पड़ाेसी राज्य बिहार पहुंचने के बाद जल्द ही उत्तर प्रदेश के पहुंचने वाला है। मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के उत्तर प्रदेश सहित समूचे उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से शुक्रवार बारिश और आंधी तूफान के अलावा कई जिलों में ओले गिरने की संभावना जताई है। आज प्रदेश के अधिकांश जिलों एटा, इटावा, हाथरस, मैनपुरी, कासगंज, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, बरेली, अलीगढ, बदायूं, बुलंदशहर, संभल समेत कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है जबकि डेढ़ दर्जन जिलों में ओले भी गिर सकते हैं। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो गया है। इससे प्री-मानसून जोर पकड़ने लगा है। ऐसे में आंधी-बारिश का सिलसिला फिलहाल जारी रहेगा। मौसम विभाग वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में प्री-मानसून एक्टिव होने के कारण ही गुरुवार देर रात से आगरा, मथुरा, सहारनपुर, हापुड़, शामली और हाथरस में रुक-रुक कर जोरदार बारिश हुई है और इससे जन जीवन प्रभावित है। बीते 24 घंटे की बात करें तो गोरखपुर-मेरठ समेत कई शहरों में आंधी के साथ जोरदार बारिश हुई है।