01 Jun 2026
नई दिल्ली, 1 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन के त्रिवार्षिक अधिवेशन में सोमनाथ मलिक को सर्वसम्मति से यूनियन का प्रधान चुना गया है। उनका कार्यकाल आगामी तीन वर्षों के लिए होगा। यूनियन के नए पदाधिकारियों का चुनाव अंबाला में आयोजित अधिवेशन के दौरान संपन्न हुआ।
यूनियन की नई कार्यकारिणी में डी.के. चावला और पी.एस. सिसोदिया को वर्किंग प्रधान बनाया गया है। वहीं जगदम्बा तिवारी, उर्मिला डोगरा और राकेश कुमार को उपप्रधान (वाइस प्रधान) चुना गया है। बी.सी. शर्मा को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा रमणीक शर्मा, पी.डी. शर्मा, परवीन कुमार, मनप्रीत सिंह तथा अनिल कुमार राजपाल को सहायक महामंत्री (असिस्टेंट जनरल सेक्रेटरी) नियुक्त किया गया है। शलभ सिंह को मीडिया एवं पब्लिसिटी सचिव बनाया गया है। सोनिया शर्मा को उत्तर जोन में कैशियर पद की जिम्मेदारी दी गई है।
नवनिर्वाचित प्रधान सोमनाथ मलिक ने बताया कि तीन वर्ष बाद आयोजित चुनाव में यूनियन के पदाधिकारियों का नए सिरे से चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि यूनियन रेलवे कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।
महामंत्री बी.सी. शर्मा ने कहा कि संगठन फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं सोनिया शर्मा ने कहा कि यूनियन की महिला विंग महिला रेल कर्मचारियों को एक परिवार की तरह सहयोग प्रदान करती है और उनकी समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाती है।
सोमनाथ मलिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेलवे में व्यापक बदलाव हुए हैं और रेलवे के आधुनिकीकरण को नई गति मिली है।
उत्तर रेलवे के एपीओ (लीगल) विकास कुमार द्वारा जारी पत्र संख्या 961-ई120यूओ-ईई-यूनियन, दिनांक 25 मई 2026 के माध्यम से नई कार्यकारिणी के गठन की जानकारी दी गई।