20 May 2026
कोलकाता, 20 मई (एजेंसी)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद दर्ज मामलों में पुलिस की कथित सख्त कार्रवाई से संरक्षण की मांग करते हुए तृणमूल कांग्रेस के दो नेताओं ने बुधवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय में याचिका दायर की। याचिकाकर्ताओं में तृणमूल कांग्रेस विधायक परेश राम दास और पार्टी के नेता कैलाश कुमार मिश्रा शामिल हैं। कैनिंग पश्चिम से लगातार दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए परेश राम दास की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता किशोर दत्ता ने मामले की तत्काल सुनवाई की मांग की। उन्होंने अदालत को बताया कि 16 मई को उनके मुवक्किल के खिलाफ छह प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और आशंका है कि आगे भी कई अन्य मामले दर्ज किए जा सकते हैं। तृणमूल शासनकाल में पश्चिम बंगाल के महाधिवक्ता रह चुके किशोर दत्ता ने न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की अदालत में कहा कि उनके मुवक्किल को दर्ज आपराधिक मामलों में किसी भी प्रकार की दंडात्मक पुलिस कार्रवाई से संरक्षण दिया जाए। न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने कहा कि मामले की सुनवाई गुरुवार को की जाएगी। उल्लेखनीय है कि दक्षिण 24 परगना जिले की कैनिंग पश्चिम विधानसभा सीट से परेश राम दास ने लगातार दूसरी बार 40 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। इसी तरह हावड़ा जिले की बाली विधानसभा सीट से चुनाव हारने वाले तृणमूल उम्मीदवार कैलाश कुमार मिश्रा ने भी अदालत में याचिका दायर कर चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों में पुलिस की कठोर कार्रवाई से संरक्षण की मांग की। अदालत ने कहा कि यह मामला भी गुरुवार की सुनवाई सूची में शामिल किया जाएगा।