02 Jun 2026
गाजियाबाद, 02 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में जिला प्रशासन और पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अवैध रूप से संचालित मदरसों को सील कर दिया। यह कार्रवाई हाल ही में हुए सूर्या प्रताप चौहान हत्याकांड के बाद शुरू किए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत की गई।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदर ने मौके पर पहुंचकर अभियान की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा क्षेत्र में मकानों, किरायेदारों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य संस्थानों का व्यापक सत्यापन कराया जा रहा है। जांच के दौरान तीन ऐसे मदरसे चिह्नित किए गए जो मदरसा बोर्ड में पंजीकृत नहीं थे और आवश्यक मान्यता के बिना संचालित किए जा रहे थे। इसके बाद उन्हें सील करने की कार्रवाई की गई।
प्रशासन के अनुसार, सील किए गए संस्थानों में से एक मदरसा रहमानिया अरबिया कासिम-उल-उलूम भी शामिल है। कुछ स्थानों पर बिजली कनेक्शन भी काटे गए हैं तथा संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि इन मदरसों में पढ़ रहे बच्चों का विवरण एकत्र किया जा रहा है। उन्हें निकटवर्ती सरकारी अथवा अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों में प्रवेश दिलाने की व्यवस्था की जाएगी ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ के नेतृत्व में चल रहे अभियान के तहत क्षेत्र में फ्लैग मार्च भी निकाला गया। ड्रोन कैमरों और अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से संवेदनशील इलाकों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने बताया कि अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के सत्यापन का कार्य लगातार जारी है।
गौरतलब है कि 17 वर्षीय छात्र सूर्या प्रताप चौहान की हत्या के बाद खोड़ा क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। इसके मद्देनजर प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ शुरू किया है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध संस्थानों तथा आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।