22 May 2026
नई दिल्ली, 22 मई (एजेंसी)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की नई त्रिभाषा नीति को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की गई है। सुप्रीम कोर्ट इस याचिका पर अगले हफ्ते सुनवाई करेगा। चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच के समक्ष आज वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी ने मेंशन करते हुए कहा कि सीबीएसई की नई तीन भाषा नीति में नौंवी कक्षा से दो और भाषाओं को पढ़ना अनिवार्य बनाया गया है। इन तीन भाषाओं में दो भारतीय भाषाओं का अध्ययन करना जरुरी है। रोहतगी ने कहा कि अचानक कक्षा नौ के छात्रों को दो अतिरिक्त भाषाओं का अध्ययन अनिवार्य करना उनकी दसवीं बोर्ड की तैयारी प्रभावित कर सकता है। वे अचानक दो भाषाएं कैसे सीख जाएंगे और दसवीं में उनकी परीक्षा देंगे। इससे छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ये नीति एक जुलाई से प्रभावी होगी। याचिका छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों ने दायर की है।