07 May 2026
मीरजापुर, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में हलिया थाना क्षेत्र में युवती का अश्लील वीडियो वायरल कर धर्म परिवर्तन और शादी का दबाव बनाने के आरोपित को पुलिस ने गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में एसआई श्याम लाल व पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अहुगी कला अदवा बांध के किनारे, अहुगी कला तिराहा से गुर्गी मार्ग पर करीब 200 मीटर आगे से गौरवा गांव निवासी आरोपित बल्लू को गिरफ्तार किया। पीड़िता के भाई ने बुधवार को आरोपित के खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर अश्लील वीडियो वायरल करने तथा युवती पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाने का मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को दबोच लिया। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया है।