16 Jun 2026
पाली, 16 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। पाली-जोधपुर हाईवे पर मंडिया बाइपास के पास मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का उपचार बांगड़ अस्पताल में जारी है। जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह हुआ। जोधपुर से पाली की ओर आ रही एक कार मंडिया बाइपास के पास अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सड़क किनारे खाई में गिरकर पलट गई। सदर थाना प्रभारी कपूराराम ने बताया कि हादसे में जोधपुर जिले के पनवड़ निवासी कोषा (50) पत्नी पावन कुमार और आनंद कुमार (55) पुत्र हजारीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शवों को बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं, आशा (50) पत्नी आनंद कुमार घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों जोधपुर से सिरोही जा रहे थे। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा अचानक वाहन के सामने किसी मवेशी के आने से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। हादसे की सूचना मिलने पर पाली एसडीएम विमलेंद्र सिंह राणावत भी बांगड़ अस्पताल पहुंचे। वहीं, मौके पर पहुंचे एएसआई मोहनलाल गुर्जर ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।