15 Jun 2026
लखनऊ, 15 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पीजीआई थानाक्षेत्र में बीते माह 27 मई हुई प्राॅपर्टी डीलर की हत्या की घटना में फरार एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को उत्तर प्रदेश स्पेशल टाॅस्क फाेर्स (एसटीएफ) की टीम ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि पीजीआई थाना क्षेत्र में बीते माह 27 मई को प्राॅपर्टी डीलर संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में संबंधित थाना में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपित की तलाश कर रही थी। इस केस में अम्बेडकरनगर निवासी गंगाराम यादव वांछित था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम रखा गया था। उसकी तलाश में पुलिस ने एसटीएफ से मदद मांगी। एसटीएफ की टीम उसकी तलाश में जुट गई। एएसपी एसटीएफ ने बताया कि बीती देर रात रविवार एसटीएफ टीम काे सूचना मिली की एक लाख रुपये का इनामी बदमाश गंगाराम लखनऊ के आलमबाग बस स्टेशन के पास माैजूद है और कही भागने की फिराक में है। इस पर टीम ने बिना देर किए जाल बिछाकर इनामी बदमाश काे धर दबाेच लिया। एएसपी ने बताया कि आराेपित गंगाराम यादव ने स्वीकारा कि दिनेश कुमार यादव एवं उसके चालक मुकर्रबीन उर्फ मुबीन के कहने पर उसने ही शूटरों की व्यवस्था करायी थी। इस केस में मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आराेपिताें काे गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। तीसरे इनामी आराेपित गंगाराम को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई संबंधित पीजीआई थाना पुलिस कर रही है।