16 Jun 2026
नई दिल्ली, 16 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सतीश उपाध्याय ने दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के उपाध्यक्ष के रूप में मंगलवार को पदभार ग्रहण कर लिया। वहीं विधायक अजय महावर, मनोज शौकीन और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के सदस्य राजेश गोयल ने डीजेबी के सदस्य के रूप में शपथ ली। इस दौरान भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज, डीजेबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सज्जन सिंह यादव, सदस्य (वित्त) अमन गुप्ता सहित कई गण्यमान्य उपस्थित रहे। सभी ने उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय और अन्य सदस्यों को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर वक्ताओं ने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व के मार्गदर्शन में डीजेबी राजधानी में जल आपूर्ति, सीवरेज प्रबंधन और नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने की दिशा में कार्य करेगा। उल्लेखनीय है कि डीजेबी का गठन 30 मार्च 1998 को किया गया था, जो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में जल आपूर्ति, अपशिष्ट जलसीवेज के संग्रहण, उपचार और निपटान के लिए उत्तरदायी है। इससे पूर्व, उपरोक्त कार्य दिल्ली जल आपूर्ति एवं सीवेज निपटान उपक्रम के अधीन थे।