16 Jun 2026
-सुलतानपुर निवासी विमल सिंह हरदोई में सिंचाई विभाग में कैशियर थे
-विमल सिंह, पत्नी और भांजी की मौत, बेटा, बेटी और रिश्तेदार घायल
लखीमपुर खीरी|हरदोई, 16 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज) । उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी और हरदोई जिले की सीमा पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब हरिद्वार से लौट रही एक कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई और उसके नीचे फंसकर करीब 3 किलोमीटर तक घिसटती चली गई। इस भयावह दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
मूलरूप से सुलतानपुर के शास्त्री नगर के रहने वाले विमल सिंह हरदोई में सिंचाई विभाग में कैशियर के पद पर कार्यरत थे। उन्हें पिता की मौत के बाद मृतक आश्रित कोटे से नौकरी मिली थी। करीब साल भर पहले ही बीमार होने पर बहन ने उन्हें अपनी किडनी दी थी। विमल परिवार के साथ कल हरिद्वार से दर्शन कर कार से अपने घर लौट रहे थे। देर रात हरदोई-लखीमपुर सीमा के पास उनकी कार आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रॉली के नीचे फंस गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक को काफी देर तक इसका एहसास नहीं हुआ और वाहन कार को घसीटते हुए लगभग 3 किलोमीटर तक ले गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने कार को ट्रॉली के नीचे फंसा देखा तो तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। उन्हें पसगवां सामुदायिक केंद्र ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने विमल सिंह (40), उनकी पत्नी वंदना सिंह पटेल (30) और भांजी आलीख्या वर्मा (22) को मृत घोषित कर दिया। विमल का बेटा वीर और बेटी रूबी घायल हैं। उनके पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। विमल के बहनोई के सीने में चोट आई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त परिवार हरिद्वार से धार्मिक यात्रा पूरी कर लौट रहा था। सफर के दौरान यह हादसा हो गया। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या रात में कम दृश्यता के कारण हुआ। ट्रैक्टर चालक से पूछताछ की जा रही है।
हादसे की खबर फैलते ही लखीमपुर खीरी और हरदोई के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही और रात के समय सुरक्षा मानकों की कमी अक्सर बड़े हादसों की वजह बनती है।