16 Jun 2026
जबलपुर, 16 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मध्य प्रदेश के जबलपुर नगर निगम में प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर पदस्थ पोला राव के घर मंगलवार को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की टीम ने छापामार कार्रवाई शुरू की है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत के आधार पर न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद ईओडब्ल्यू ने यह कार्रवाई की। इस दौरान संपत्ति से कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से आंध्र प्रदेश निवासी पोला राव वर्तमान में सिविल लाइन स्थित नगर निगम स्वास्थ्य कार्यालय में पदस्थ हैं। ईओडब्ल्यू जबलपुर की टीम ने मंगलवार सुबह विजय नगर के मुस्कान प्लाजा में स्थित उनके आवास सहित अन्य संबंधित स्थानों पर एक साथ दबिश दी। इसके अलावा नगर निगम से जुड़े एक ठेकेदार के घर पर भी जांच की जा रही है। ईओडब्ल्यू के डीएसपी मनजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ईओडब्ल्यू को जबलपुर में उनके नाम एक फ्लैट और करीब 10 हजार वर्गफुट का प्लॉट मिलने की जानकारी मिली है। जांच के दौरान आंध्र प्रदेश में करीब एक एकड़ कृषि भूमि होने के दस्तावेज भी सामने आए हैं। इसके अलावा 15 से 16 लाख रुपये कीमत के चार दोपहिया वाहन और एक चारपहिया वाहन भी मिले हैं। डीएसपी मनजीत सिंह के अनुसार, टीम ने बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों और नकद लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं। फिलहाल सभी संपत्तियों और निवेश का मूल्यांकन किया जा रहा है तथा आय और संपत्ति के बीच अंतर का आकलन किया जा रहा है। पोला राव की बहन और बहनोई भी जबलपुर में रहते हैं। उनका मकान नजूल भूमि पर बना होना बताया जा रहा है, जिसकी भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि वर्तमान में पोला राव के पास नगर निगम के वार्ड क्रमांक 6, 8, 9 और 10 का प्रभार है। ईओडब्ल्यू अधिकारियों का कहना है कि देर शाम तक जांच के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि पोला राव कुल कितनी संपत्ति के मालिक हैं और उनकी आय के मुकाबले संपत्ति कितनी अधिक है।