16 Jun 2026
नई दिल्ली, 16 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरणजीत सिंह संधू ने मंगलवार को खान मार्केट का दौरा कर वहां चल रहे विकास एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और बाजार में आए आगंतुकों से भी संवाद किया। निरीक्षण के समय नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अध्यक्ष केशव चंद्र, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उपराज्यपाल ने खान मार्केट में चल रहे सुधार एवं आधारभूत ढांचा विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए परियोजना की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक दृष्टि के अनुरूप खान मार्केट को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बाजार में ऐसा वातावरण तैयार किया जाना चाहिए जो आगंतुकों को नया अनुभव प्रदान करे तथा आधुनिक विकास की स्पष्ट झलक दिखाए। उन्होंने नागरिक सुविधाओं के विस्तार, यातायात एवं पैदल यात्री प्रबंधन में सुधार तथा पर्यटकों, ग्राहकों और स्थानीय व्यवसायों के लिए निर्बाध एवं सुविधाजनक अनुभव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उपराज्यपाल ने संबंधित विभागों को शेष कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली को आधुनिक, सतत और विश्वस्तरीय शहरी वातावरण प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है।
वर्षा जल संचयन प्रणाली की भी समीक्षाः
खान मार्केट निरीक्षण के बाद उपराज्यपाल ने सत्य मार्ग स्थित मॉड्यूलर वर्षा जल संचयन प्रणाली का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की संरचना, कार्यक्षमता और दीर्घकालिक स्थायित्व के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा कार्यान्वयन में लगे अधिकारियों से चर्चा की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जलवायु-अनुकूल और पर्यावरणीय रूप से टिकाऊ राजधानी के निर्माण के लिए जल संरक्षण संबंधी आधारभूत ढांचे को मजबूत और विकेंद्रीकृत करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मॉड्यूलर वर्षा जल संचयन प्रणालियां भूजल स्तर को बेहतर बनाने, जलभराव कम करने और शहरी जल प्रबंधन को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मानसून के मद्देनजर उन्होंने पूरे शहर में ऐसी पर्यावरण-अनुकूल प्रणालियों को तेजी से अपनाने और विस्तार देने पर बल दिया।
290 वर्षा जल संचयन संरचनाएं तैयारः
एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्र ने उपराज्यपाल को बताया कि परिषद की 340 मौजूदा एवं प्रस्तावित वर्षा जल संचयन संरचनाओं में से 290 को पूरी तरह साफ कर संचालन योग्य बना दिया गया है। शेष 50 संरचनाओं, जिनमें 28 मॉड्यूलर और 22 पारंपरिक इकाइयां शामिल हैं, का कार्य तेजी से जारी है और इसे जून 2026 के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान एनडीएमसी ने 61 मॉड्यूलर वर्षा जल संचयन गड्ढों का निर्माण किया है, जिनमें प्रत्येक की भंडारण क्षमता 30 किलोलीटर है।
स्वच्छ, हरित और स्मार्ट नई दिल्ली के लिए प्रतिबद्धः
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @2047 के विजन तथा उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू के मार्गदर्शन में एनडीएमसी स्वच्छ, हरित, स्मार्ट और विश्वस्तरीय नई दिल्ली के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि खान मार्केट राष्ट्रीय राजधानी के सबसे प्रतिष्ठित व्यावसायिक केंद्रों में से एक है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और ग्राहक आते हैं। बाजार के समग्र पुनर्विकास और उन्नयन के माध्यम से आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाने, पहुंच सुविधाओं में सुधार करने और आगंतुकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
चहल ने बताया कि कार्यों की समयबद्ध पूर्णता और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं। साथ ही बाजार क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए विशेष रात्रिकालीन सफाई अभियान भी शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि खान मार्केट का पुनर्विकास और वर्षा जल संचयन प्रणालियों का विस्तार एनडीएमसी की पर्यावरणीय स्थिरता, नागरिक सुविधाओं के उन्नयन और जलवायु-अनुकूल राजधानी के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।