16 Jun 2026
बर्मिंघम, 16 जून (एजेंसी।अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने महिला टी-20 विश्व कप में भारत के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान निर्धारित समय में ओवर पूरे नहीं करने पर पाकिस्तान टीम पर जुर्माना लगाया है। भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप-ए मुकाबले में धीमी ओवर गति बनाए रखने के कारण आईसीसी ने पाकिस्तान खिलाड़ियों की मैच फीस का पांच प्रतिशत काटने का फैसला लिया है। अमीरात आईसीसी अंतरराष्ट्रीय मैच रेफरी पैनल की सदस्य ट्रूडी एंडरसन ने यह दंड लगाया। समय से संबंधित सभी छूटों को ध्यान में रखने के बाद पाकिस्तान टीम को निर्धारित लक्ष्य से एक ओवर पीछे पाया गया। आईसीसी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार न्यूनतम ओवर गति नियम का उल्लंघन होने पर टीम के खिलाड़ियों पर प्रत्येक कम फेंके गए ओवर के लिए मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने गलती स्वीकार करते हुए प्रस्तावित सजा को मान लिया, जिसके बाद औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। मैदान पर मौजूद अंपायर क्लेयर पोलोसाक और जैकलिन विलियम्स, तीसरे अंपायर एलोइस शेरिडन तथा चौथे अंपायर सू रेडफर्न ने यह आरोप लगाया था।