16 Jun 2026
प्रयागराज, 16 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रयागराज के माफिया दिलीप मिश्रा की लगभग 1.11 करोड़ रुपये की संपत्ति को कुर्क कर दिया। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने मंगलवार को दी। उन्होंने बताया कि संगठित अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रयागराज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात माफिया एवं गैंग लीडर दिलीप मिश्रा की लगभग 1.11 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को कुर्क किया गया है। यह कार्यवाही पुलिस आयुक्त न्यायालय, प्रयागराज के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई। डीसीपी ने बताया कि प्रयागराज के औद्योगिक थाना क्षेत्र के लवायन कला गांव निवासी दिलीप मिश्रा पुत्र रामगोपाल मिश्रा के खिलाफ नैनी थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपित ने अपराध जगत से अर्जित धन के बल पर अपने परिजनों के नाम पर अचल संपत्तियां खरीदी थीं। पुलिस आयुक्त न्यायालय ने पारित आदेश के क्रम में थाना मेजा पुलिस ने ग्राम सिलौंधी कला, परगना खेरीगढ़, तहसील मेजा स्थित दो भूखंडों को कुर्क किया। कुर्क की गई संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य 1 करोड़ 11 लाख 24 हजार रुपये आंका गया है। दोनों संपत्तियां आरोपित की भाभी पुष्पा मिश्रा तथा उनकी पुत्रवधू वीरा मिश्रा के नाम दर्ज थीं। कुर्की की कार्रवाई पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम की मौजूदगी में संपन्न कराई गई। मौके पर संपत्ति पर कुर्की संबंधी बोर्ड भी लगाया गया। डीसीपी यमुनानगर ने बताया कि कुख्यात अपराधी दिलीप मिश्रा के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में 52 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसकी अन्य अवैध संपत्तियों का भी पता लगाने में जुटी है।