16 Jun 2026
लखनऊ, 16 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी द्वारा आयोजित बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया गया है। राजधानी लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय और उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने यह परिणाम घोषित किया। इस परीक्षा में लगभग चार लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। अभ्यर्थी ऑफिशियल वेबसाइट bujhansi.co.in पर जाकर अपना रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं और अपना स्कोर और रैंक भी देख सकते हैं। इस प्रवेश परीक्षा में वंदना सिंह ने प्रथम स्थान और नितिन पचौरी को दूसरा स्थान मिला। ये दोनों अभ्यर्थी अलीगढ़ के निवासी हैं। परिणाम घोषित होने के बाद अब विश्वविद्यालय प्रशासन इसकी काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू करेगा और सीटों की उपलब्धता और मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों को बीएड पाठयक्रम में प्रवेश मिलेगा। अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर लगातार नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। उल्लेखनीय है कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की ओर से प्रदेश भर में 31 मई को बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा आयोजित की गयी थी। परिणाम घोषित होने के बाद अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना स्कोर और रैंक देख सकते हैं। अब काउंसलिंग प्रक्रिया की तैयारी शुरू होगी। अभ्यर्थियों को रैंक और सीटों की उपलब्धता के आधार पर बीएड महाविद्यालयों में प्रवेश दिया जाएगा।