18 Jun 2026
रायपुर, 18 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। प्रतिष्ठित ईस्टर्न स्लैम 2026 का आयोजन पहली बार रायपुर में होने जा रहा है। यह प्रतियोगिता 22 से 27 जून तक बूढ़ापारा स्थित स्क्वैश कॉम्प्लेक्स में आयोजित की जाएगी। यह आयोजन जूनियर और सीनियर दोनों श्रेणियों में हो रहा है। इसमें पीएसए सैटेलाइट (पुरूष और महिला) स्पर्धाएं भी शामिल हैं। छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया है कि यह प्रतियोगिता स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की 5 स्टार रैंकिंग प्राप्त है, जिसे एशियन स्क्वैश फेडरेशन और प्रोफेशनल स्क्वैश एसोसिएशन से भी मान्यता प्राप्त है। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर की 5-स्टार रैंकिंग प्रतियोगिता है, जिसमें भारत, सिंगापुर सहित 3 देशों और 21 राज्यों के लगभग 349 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। टूर्नामेंट के लिए 2000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। अंतरराष्ट्रीय आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के संस्थापक डॉ. विष्णु कुमार श्रीवास्तव को चैंपियनशिप का चेयरमैन तथा प्रदेश संघ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल को वाइस चेयरमैन नियुक्त किया गया है।