17 Jun 2026
- ई-रिक्शा चालक समेत तीन गंभीर रूप से घायल
बदायूं, 17 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां बुधवार को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस दिल दहला देने वाले हादसे में ई-रिक्शा में सवार 6 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
ट्रैक्टरों की रेस ने ली 6 की जानः
मिली जानकारी के मुताबिक घटना उझानी कोतवाली क्षेत्र के बरेली-मथुरा हाईवे पर स्थित करुआ पुल के पास की है। बताया जा रहा है कि उझानी मंडी से गल्ला (अनाज) बेचकर लौट रहे दो ट्रैक्टर चालकों के बीच हाईवे पर रेस लग रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और उसने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को बेरहमी से रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई।
शादी के घर में पसरा मातमः
हादसे का शिकार हुई सभी महिलाएं कछला क्षेत्र के मुरावन नगला गांव की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है कि परिवार में आगामी 29 जून को शादी होनी तय है। बुधवार को ये सभी महिलाएं ई-रिक्शा में सवार होकर उझानी के गठौना गांव में शादी की एक रस्म 'भात' मांगने जा रही थीं। लेकिन मंजिल पर पहुंचने से पहले ही यह भयानक हादसा हो गया। इस घटना के बाद से दोनों गांवों और पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। खुशियों का माहौल चंद मिनटों में मातम में तब्दील हो गया।
मृतकों और घायलों की पहचानः
इस हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की शिनाख्त लड़के की मां राजकुमारी (50), भाभी गंगाश्री (30) के साथ ही प्रेमा (32), सरला (32) रेवती (80) और नारायणी (30) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत उझानी सीएचसी भेजा, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सभी 6 शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।