19 Jun 2026
जौनपुर,19 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। यूपी के जौनपुर स्थित जलालपुर थाना क्षेत्र के नहोरा गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में सई नदी में स्नान करने गई दो किशोरियों की डूबने से मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने का प्रयास कर रही एक अन्य किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों और पूरे गांव में कोहराम मच गया। थाना क्षेत्र के नहोरा गांव के पनिहरियां पुरवा की छह सहेलियां शुक्रवार को करीब साढ़े 12 बजे घर से लगभग एक किलोमीटर दूर शिव मंदिर के पास स्थित जालकपुर घाट पर स्नान करने गई थीं। स्नान के दौरान तीन किशोरियां नदी में बने गहरे गड्ढे की चपेट में आ गईं। इनमें पिंकी (16) पुत्री भोला नाथ तथा शिवांगी (17) पुत्री भईया लाल डूब गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। डूब रही सहेलियों को बचाने के प्रयास में गुंजा पुत्री पारसनाथ गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल नेवढ़ियां स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के बगीचे में मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी से दोनों किशोरियों के शव बाहर निकाले। हादसे की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।सूचना पर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, स्नान करने गई अन्य सहेलियां आंचल (17) पुत्री राधेश्याम, ननका उर्फ अंजली (16) पुत्री छबिनाथ तथा दीपा पुत्री अमरनाथ सुरक्षित हैं।ग्राम प्रधान त्रिषिराज यादव ने बताया कि हादसा नदी में बने गहरे गड्ढे में चले जाने के कारण हुआ। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।इस मामले में जानकारी लेने पर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने बताया कि दोपहर में जानकारी मिली कि नदी में कुछ लड़कियां डूब गई है जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पहुंची शव को बाहर निकाल कर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिय भेजा गया है।अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।