19 Jun 2026
मुंबई, 19 जून (एजेंसी.)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी शहर के खांडूपाड़ा इलाके में बीती रात चिकन पिज्जा और फालूदा खाने से 14 लोग बीमार हो गए। इनमें एक ही परिवार के छह शामिल हैंम सभी का इलाज भिवंडी उपजिला अस्पताल में हो रहा है। इस घटना की छानबीन शांतिनगर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है। इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि संबंधित बीमार नागरिकों ने गुरुवार रात खांडूपाड़ा इलाके में 'फेमस शोरमा' नाम की दुकान से चिकन पिज्जा खरीदा था और घर पर खाया था। उसके बाद, शुक्रवार सुबह से उनमें से कुछ की तबीयत खराब होने लगी। दोपहर तक समस्या बढऩे पर सभी को तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पिज्जा खाने वाले मरीज़ों को उल्टी, पेट दर्द, जी मिचलाना, दस्त और कमज़ोरी जैसे लक्षण महसूस हो रहे थे। मरीज़ों की जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि शुरुआती जांच में यह फ़ूड पॉइज़निंग थी। पीडि़त लोगों में 6 पुरुष, 6 महिलाएं और 2 बच्चे शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही शांतिनगर पुलिस तुरंत अस्पताल और मौके पर पहुंच गई। हेल्थ डिपार्टमेंट ने पॉइज़निंग का सही कारण जानने के लिए जांच शुरू कर दी है, और खाने की चीज़ों के सैंपल टेस्टिंग के लिए लैब भेज दिया गया है। शांतिनगर पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है। ---------------