19 Jun 2026
कामरूप (असम), 19 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। कामरूप (ग्रामीण) जिलांतर्गत रंगिया में बीती रात हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत हो गयी। तीनों युवकों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि बीती रात तेज रफ्तार बाइक और तेज़ रफ्तार बोलेरो पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। बाइक पर दो युवक एवं एक किशोर सवार थे। मृतकों की पहचान जुबैर हुसैन, नज़रुल सुल्तान और सुल्तान अली नाम के रूप में हुई है। इनमें से दो भाई जुबैर हुसैन और नज़रुल सुल्तान देवलकुची हाई स्कूल के दसवीं और आठवीं कक्षा के छात्र थे। दूसरे मृतक किशोर सुल्तान अली, मृत दो भाइयों के रिश्तेदार के बेटे थे। बताया गया है कि रंगिया के यूसुफ नगर से संबंधी के घर से शादी की खबर लेकर, तीनों भाई बाइक पर सवार होकर खांदीकर स्थित अपने घर लौट रहे थे। घर पहुंचने से कुछ दूर पहले रंगिया-नाग्रिजुली मार्ग पर बाइक और डीआई पिकअप के बीच जोरदार टक्कर हो गयी। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल आरंभ कर बीती रात में ही वाहन के खलासी एवं चालक को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच, रात में ही पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के चलते इलाके में गहरा शौक व्याप्त है। पुलिस इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच जारी रखे हुए है।