19 Jun 2026
सीवान, 19 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। सीवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र से सटे उत्तर प्रदेश के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर बुजुर्ग मार्ग पर स्थित प्रतापपुर चीनी मिल के समीप गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, रात करीब नौ बजे बाइक पर सवार दो युवक रामपुर बुजुर्ग मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान प्रतापपुर चीनी मिल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वैन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में भटनी थाना क्षेत्र के पड़ौली गांव निवासी 19 वर्षीय राकेश कुमार विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके साथ बाइक पर सवार 20 वर्षीय अमित कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए स्थानीय रेफरल अस्पताल भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद राकेश कुमार विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अमित कुमार यादव का इलाज जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार पिकअप चालक और वाहन की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।