28 Jul 2026
उत्तरकाशी, 28 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे और जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर राम मंदिर के समीप नदी का जलस्तर बढ़ने से लगभग 25 से 30 मीटर पैदल मार्ग 2 से 2.5 मीटर तक धंस गया है। मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के कारण वर्तमान में इस हिस्से से यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित नहीं मानी जा रही है।
लोक निर्माण विभाग बड़कोट के अनुसार यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए यहां शीघ्र ही वैकल्पिक पैदल मार्ग तैयार किया जाएगा। इसके लिए श्रमिक लगाए जा रहे हैं, ताकि यात्रा जल्द से जल्द सुचारु कराई जा सके।
लगातार बारिश के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी कई स्थानों पर बाधित हो गया है। पालीगाड़, सिलाई बैण्ड, झझर गाड़, जंगलचट्टी, दुर्बिल और बढ़िया क्षेत्र में मलबा और पत्थर आने से यातायात प्रभावित है। टीमें मार्ग से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने के कार्य में जुटी हुई हैं।
जिला प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और मार्ग की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।