20 Jun 2026
मुंबई, 20 जून (इंद्रप्रस्थ न्यूज़.)। महाराष्ट्र के रत्नागिरी के गणपतिपुले समुंद्र में शनिवार को घूमने आए संभाजीनगर के आठ लोगों में से पांच लोग समुद्र में लापता हो गए हैं। तीन को सफलतापूर्वक बचा लिया गया है। मौके पर रत्नागिरी पुलिस और गोताखोरों की टीम लापता पांच लोगों को ढ़ूंढ रही है। इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह छत्रपति संभाजीनगर के कुछ टूरिस्ट गणपतिपुले घूमने आए थे। सुबह उनमें से कुल 8 लोग समुद्र में गए थे। अचानक आई लहरों और समुद्र के पानी के अचानक बदलने की वजह से वे सभी पानी में बहने लगे। जैसे ही स्थानीय नागरिकों को पता चला कि पर्यटक समुद्र में डूब रहे हैं, लोकल लाइफगार्ड और लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। 8 में से 3 पर्यटकों को समुद्र से सुरक्षित निकाल लिया गया। हालांकि, बाकी 5 अभी भी लापता हैं। पुलिस और क्षेत्रीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस हादसे से गणपतिपुले इलाके में दहशत फैल गई है और पर्यटकों में डर का माहौल बन गया है। लोकल मछुआरों, लाइफगार्ड और प्रसाशन की तरफ से पांचों लापता पर्यटकों को ढूंढने के लिए युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अभी तक कोई नहीं मिला है, लेकिन सर्च ऑपरेशन तेजी से चल रहा है।