09 Jul 2026
नई दिल्ली, 9 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में आई गिरावट के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम नहीं किए जाने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा परिस्थितियों में देश में शुद्ध पेट्रोल 82 रुपये प्रति लीटर और ई-20 पेट्रोल इससे भी कम कीमत पर मिलना चाहिए।
पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में केजरीवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत करीब 70 डॉलर प्रति बैरल है, जबकि देश में ई-20 ब्लेंडेड पेट्रोल 102 रुपये प्रति लीटर के आसपास बिक रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कच्चे तेल की कीमतों में कमी का लाभ उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंचाया जा रहा है।
केजरीवाल ने अपनी गणना का हवाला देते हुए कहा कि कच्चे तेल की मौजूदा कीमत, रिफाइनिंग, परिवहन, तेल विपणन कंपनियों के मार्जिन, केंद्रीय कर, राज्यों के वैट और डीलर कमीशन को जोड़ने के बाद भी शुद्ध पेट्रोल की कीमत करीब 82 रुपये प्रति लीटर होनी चाहिए। उनका दावा है कि यदि ई-20 पेट्रोल बेचा जा रहा है तो उसकी कीमत लगभग 70 रुपये प्रति लीटर होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी आने से परिवहन लागत घटेगी, जिसका सीधा असर महंगाई पर पड़ेगा और आम लोगों को राहत मिलेगी।
केंद्र सरकार और पेट्रोलियम मंत्रालय के उस तर्क पर भी केजरीवाल ने सवाल उठाया, जिसमें युद्ध के दौरान तेल कंपनियों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए मौजूदा मुनाफे का हवाला दिया जाता है। उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कई बार घटीं, लेकिन देश में पेट्रोल-डीजल के दाम उसी अनुपात में कम नहीं किए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तेल कंपनियों ने पिछले वर्ष 77 हजार करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।
केजरीवाल ने केंद्र सरकार से मांग की कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों की समीक्षा कर आम उपभोक्ताओं को राहत दी जाए। उन्होंने कहा कि सरकार को शुद्ध पेट्रोल 82 रुपये प्रति लीटर पर उपलब्ध कराना चाहिए और यदि ई-20 पेट्रोल बेचा जा रहा है तो उसकी कीमत इससे भी कम तय की जानी चाहिए।