03 Aug 2026
जबलपुर, 03 अगस्त (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। मध्य प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद छात्रसंघ चुनाव का रास्ता साफ हो गया है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के निर्देश के बाद राज्य सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में सितंबर माह में छात्रसंघ चुनाव कराने की जानकारी दी है। सरकार के इस आश्वासन के बाद हाईकोर्ट ने जनहित याचिका का निराकरण कर दिया।
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद प्रदेश के नौ विश्वविद्यालयों से संबद्ध सैकड़ों महाविद्यालयों के लाखों विद्यार्थियों को छात्रसंघ चुनाव में भाग लेने का अवसर मिलेगा। जबलपुर निवासी छात्र अदनान अंसारी ने प्रदेश में लंबे समय से लंबित छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर जनहित याचिका दायर की थी। सोमवार को एक्टिंग चीफ जस्टिस विवेक रूसिया और न्यायमूर्ति प्रदीप मित्तल की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई की। इस दौरान राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार सितंबर 2026 में छात्रसंघ चुनाव कराए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व हुई सुनवाई में हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और उच्च शिक्षा विभाग से छात्रसंघ चुनाव की निश्चित तिथि, शैक्षणिक कैलेंडर तथा छात्रसंघ गठन की कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। अदालत ने स्पष्ट किया था कि केवल आश्वासनों के आधार पर मामले को लंबित नहीं रखा जा सकता। इसके बाद सरकार ने सितंबर में चुनाव कराने का प्रस्ताव अदालत के समक्ष रखा।
याचिकाकर्ता की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता अक्षरदीप ने बताया कि वर्ष 2017 के बाद पहले कोरोना महामारी और बाद में अन्य कारणों का हवाला देकर छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए गए, जिससे छात्रसंघों का गठन भी नहीं हो सका।