02 Jul 2026
नेल्लै, 02 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। एमडीएमके के महासचिव वाइको ने गुरुवार को साफ़ किया कि तमिलनाडु में होने वाले आगामी उपचुनाव में एमडीएमके चुनाव नहीं लड़ेगी और तमिलगा वेत्रि कड़गम (टीवीके) के नेतृत्व वाले गठबंधन के उम्मीदवारों का समर्थन करेगी। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद राज्य की राजनीति में लगातार कई महत्वपूर्ण बदलाव हो रहे हैं। हाल ही में एआईएडीएमके के छह विधायक अपने पद से इस्तीफा देकर तमिलगा वेत्रि कड़गम में शामिल हो गए। राज्य में तमिलगा वेत्रि कड़गम की सरकार बनने के लिए डीएमके गठबंधन में शामिल विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग सहित कई दलों ने समर्थन दिया। इसी तरह कांग्रेस पार्टी ने भी डीएमके गठबंधन से अलग होकर तमिलगा वेत्रि कड़गम का साथ दिया। इसी पृष्ठभूमि में कल तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की अध्यक्षता में सहयोगी दलों की एक बैठक हुई। इसी बैठक में एमडीएमके के महासचिव वाइको ने भाग लेकर उपचुनाव में टीवीके के नेतृत्व वाले गठबंधन के उम्मीदवारों का समर्थन करने का ऐलान किया है। तमिलनाडु में इस समय विधानसभा की सात सीटें रिक्त हैं और जल्द ही उपचुनाव की घोषणा होने की संभावना है। ऐसे में राजनीतिक हलकों में यह सवाल उठ रहा था कि क्या एमडीएमके उपचुनाव लड़ेगी। इस बीच तिरुनेलवेली जिले में पत्रकारों से बातचीत करते हुए वाइको ने कहा कि आगामी उपचुनाव में एमडीएमके चुनाव नहीं लड़ेगी। हम गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। इसके अलावा तमिलगा वेत्रि कड़गम सरकार के गठन को रोकने के लिए 35 करोड़ रुपये की कथित सौदेबाजी के आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के राजनीतिक इतिहास में इतनी बड़ी राजनीतिक साज़िश कभी नहीं हुई, इसलिए इस कथित मामले की पूरी और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।