05 Jul 2026
भुवनेश्वर, 05 जुलाई (इंद्रप्रस्थ न्यूज)। पुरी के सांसद एवं भाजपा नेता डॉ. संबित पात्रा ने बताया है कि उनका व्हाट्सएप नंबर हैक कर लिया गया है, जिसके बाद उनके नाम से लोगों को भ्रामक संदेश भेजे जा रहे हैं और विभिन्न माध्यमों से धनराशि की मांग की जा रही है। डॉ. पात्रा ने स्पष्ट किया कि उनके नंबर से भेजे जा रहे ऐसे सभी संदेश पूरी तरह फर्जी हैं और इनका उनसे कोई संबंध नहीं है। उन्होंने इसे साइबर अपराध का मामला बताते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने ओडिशा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी एवं तकनीकी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सांसद ने जनता से अनुरोध किया है कि जब तक उनका व्हाट्सएप नंबर पूरी तरह सुरक्षित रूप से बहाल नहीं हो जाता, तब तक उनके नाम या नंबर से आने वाले किसी भी संदेश, कॉल या धन संबंधी अनुरोध पर विश्वास न करें। उन्होंने विशेष रूप से अपील की कि किसी भी प्रकार की आर्थिक लेन-देन से बचें और संदिग्ध संदेशों का जवाब न दें। डॉ. पात्रा ने नागरिकों से सतर्क रहने और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि इस मामले में पूरी तरह जांच जारी है।